पिंपरी। सनातन सेवा प्रतिष्ठान द्वारा सामाजिक समर्पण, उद्योग जगत में उत्कृष्ठ योगदान और पत्रकारिता के क्षेत्र में निष्पक्ष सेवा के लिए समर्पित विभूतियों को सम्मानित करने हेतु एक भव्य "गुण गौरव सत्कार समारोह" का आयोजन गुरुवार, 19 जून को पिंपरी चिंचवड स्थित रामकृष्ण मोरे प्रेक्षा गृह में किया जा रहा है। यह समारोह दोपहर 12:00 बजे से आरंभ होगा।
इस गरिमामयी अवसर पर समाज रत्न, उद्योग रत्न, समाज भूषण, उद्योग भूषण, वरिष्ठ समाजसेवी, आदर्श पत्रकार, वरिष्ठ पत्रकार जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले महानुभावों को सम्मानित किया जाएगा।
इस आशय की जानकारी प्रतिष्ठान के संस्थापक एवं प्रमुख पं. आद्या प्रसाद चतुर्वेदी तथा अध्यक्ष पंडित मनोज महाराज चतुर्वेदी ने साझा की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन सिर्फ एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज की उन जड़ों को नमन करने का माध्यम है, जिन्होंने अपने कर्म, विचार और सेवा से समाज को नई दिशा प्रदान की है।
इस वर्ष जिन मान्यवरों को सम्मानित किया जा रहा है, उनमें प्रमुख नाम हैं:
एस.एस. तिवारी, टी.एन. तिवारी, डॉ. लाल बाबू गुप्ता, कृपानंद तिवारी, एस.पी. मिश्रा, सुरेंद्र शेठ वधवा, भीमसेन अग्रवाल, प्रेमचंद मित्तल, कृष्णकुमार गोयल, दिलीप सोनीगरा, वंशराज मिश्रा, दिनेश सिंह, रंगा सेठ, राजेश प्रजापति, करुणेश त्रिपाठी, अनिल शर्मा, नीलकंठ तिवारी, उमाकांत शुक्ला, देवी प्रसाद शुक्ला, लवकुश तिवारी, संतोष मिश्रा, संत लाल यादव, सुरेश दलने, उत्तम सिंह अरोरा, प्रवीण चौधरी, राजेंद्र सिंह चौधरी, दरोगा चौहान सहित अनेक प्रतिष्ठित उद्योगपति, समर्पित समाजसेवी एवं यशस्वी पत्रकार शामिल हैं जिन्हें सम्मानित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सनातन सेवा प्रतिष्ठान द्वारा यह गुण गौरव सत्कार समारोह पिछले कई वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इस मंच से अब तक अनगिनत समाजसेवियों, उद्योगपतियों एवं पत्रकारों को सम्मानित किया जा चुका है, जो अपने क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं। इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी यह आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करेगा।